छतरपुर। गुरुवार की शाम को बस स्टैंड क्रमांक 1 और 2, महोबा रोड और फब्बारा चौक पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। यह अभियान छतरपुर एसडीएम अखिल राठौर, तहसीलदार संदीप तिवारी और सीएमओ माधुरी शर्मा के नेतृत्व में राजस्व और नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों को हटाया गया और शहर की सुचारू यातायात व्यवस्था को बहाल करने का प्रयास किया गया।
एसडीएम अखिल राठौर ने बताया कि पिछले कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण कर रखे गए सामान को जप्त किया गया, जबकि स्थाई अतिक्रमण को जेसीबी मशीन से तोड़ा गया। साथ ही, चूने से लकीर खींचकर अतिक्रमणकारियों को भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी गई। सीएमओ माधुरी शर्मा ने कहा कि शहर में फैले अतिक्रमण पर आने वाले समय में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत अपनी टीम के साथ मौजूद रहे और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।