चित्तौड़गढ़। कोतवाली थाना पुलिस ने गोपालनगर-मानपुरा रीको औद्योगिक क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार तथा तीन बाल अपचारियों को डिटेन किया है। पुलिस मामले में अन्य वारदातों एवं चोरी गए सामान की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि 1 जुलाई को मानपुरा निवासी राजकुमार कुमावत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 जून की रात उनकी फैक्ट्री से 5 एचपी की चार मोटर चोरी हो गईं। इसी दौरान आसपास की दो अन्य फैक्ट्रियों से भी तीन मोटर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। शिकायत पर मामला दर्ज कर एएसपी मुकुल शर्मा के निर्देशन एवं डीएसपी बृजेश सिंह के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने चोरी की वारदातें करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, मामले में तीन बाल अपचारियों को भी डिटेन किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी हैं- परमेश्वर उर्फ निर्मल वैष्णव, लोकेश मेघवाल, कन्हैयालाल उर्फ काना भील तथा संतोष गाड़िया लौहार।
कार्रवाई में थानाधिकारी तुलसीराम, एएसआई नवलराम, मनीष कुमार, रणजीतपुरी सहित जिला स्पेशल टीम एवं साइबर सेल के एएसआई राजकुमार, रामावतार, सुनील कुमार, प्रहलाद, दुर्गेश, हेमराज, जोगेंद्र, पदम और हरि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों और चोरी गए माल की बरामदगी के संबंध में पूछताछ कर रही है।