चित्तौड़गढ़। जिला विशेष टीम (डीएसटी) एवं मंगलवाड़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी का 2,800 लीटर अवैध केमिकल जब्त किया है। मामले में चार आरोपियों के विरुद्ध नामजद प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के निर्देशन तथा डीएसपी हरिश्चंद्र सिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। थानाधिकारी भगवानलाल एवं डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापरी क्षेत्र में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान एक बाड़े से कुल 28 ड्रमों में भरा लगभग 2,800 लीटर अवैध केमिकल बरामद किया गया। इनमें 7 ड्रमों में लगभग 1,400 लीटर तथा 21 ड्रमों में 50 से 80 लीटर क्षमता का केमिकल भरा हुआ था। जिला रसद विभाग के अधिकारी हिमांशु जोशी की मौजूदगी में केमिकल जब्त किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह केमिकल चित्तौड़गढ़-उदयपुर नेशनल हाईवे स्थित राजहंस होटल के पीछे ट्रकों से अवैध रूप से उतारा जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को नामजद करते हुए प्रकरण दर्ज किया है। जब्त केमिकल के स्रोत और इसके उपयोग की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में मंगलवाड़ थाना पुलिस, जिला विशेष टीम (डीएसटी) तथा जिला रसद विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।