छिंदवाड़ा। शासकीय कन्या हाई स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान किया गया वादा निभाते हुए छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू ने छात्राओं को दिल्ली भ्रमण कराया। सांसद ने अपने निजी खर्चे पर स्कूल की छात्राओं को दिल्ली भेजा, जहां उन्होंने संसद भवन का दौरा किया और वहां के कामकाज को नजदीक से देखा।
इस दौरान छात्राओं की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें वे संसद भवन का दौरा करते हुए नजर आ रही हैं और सांसद के प्रति आभार व्यक्त कर रही हैं।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आती हैं छात्राएं
कक्षा 10वीं की छात्रा अनामिका महोबे ने बताया कि मोहखेड़ ब्लॉक के देवगढ़ क्षेत्र की रहने वाली ये सभी छात्राएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आती हैं। ऐसे में दिल्ली जाने का सपना भी उनके लिए दूर की बात थी। छात्राओं ने संसद भवन में जाकर न केवल ऐतिहासिक धरोहरों को देखा, बल्कि सांसदों के कार्य करने के तरीके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को भी करीब से समझा।
देश सेवा में योगदान देंगी छात्राएं
छात्राओं का कहना है कि यह अनुभव उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा और उन्होंने दिल्ली दौरे से प्रेरणा ली है कि आगे चलकर वे भी देश सेवा में योगदान देंगी। सांसद साहू ने कहा कि बच्चों के सपनों को साकार करना ही असली जनसेवा है, और वे आगे भी इस तरह के प्रयास करते रहेंगे।