शाजापुर। जिले के गुलाना में मुस्लिम समाज ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का विरोध किया एवं आतंकवाद का पुतला दहन किया है गुलाना अंजुमन कमेटी के नेतृत्व में मस्जिद से एक रैली निकाली गई। प्रदर्शनकारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। उन्होंने बस स्टैंड पर पाकिस्तान का पुतला दहन भी किया। मुस्लिम समाज के लोगों ने इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे कायराना और बुजदिलाना हरकत बताया। गुलाना अंजुमन कमेटी ने ज्ञापन में कहा कि यह हमला हिंदुस्तान की आत्मा पर किया गया हमला है। उन्होंने आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता देने की भी मांग की। लोगों ने कहा कि वे भारतीय होने के नाते इस घटना का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी तरह से सही नहीं ठहराया जा सकता।