नीमच। नगर पालिका परिषद का विशेष सम्मेलन आज हंगामेदार रहा। जहां पार्षदों ने अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। छोटे-छोटे काम न होने, विकास न होने और भ्रष्टाचार के आरोपों से पूरा सदन गूंज उठा।

पार्षद दुर्गा शंकर भील ने कहा कि क्या नीमच नगर पालिका के अधिकारी और जिम्मेदार लोग जनता और पार्षदों को पागल समझते हैं? हमारे छोटे-छोटे काम नहीं हो रहे हैं। अधिकारी अंधे-बहरे हो गए हैं क्या? हम जनता को क्या जवाब देंगे? विकास नहीं हो रहा है। पार्षद दुर्गा शंकर भील का यह बयान इस बात का सबूत है कि नीमच नगर पालिका में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
आज के विशेष सम्मेलन में सभी 23 प्रस्ताव तो पारित हो गए, लेकिन भाजपा की नगर पालिका में भाजपा के ही सभापति और पार्षदों ने जमकर हमला बोला। पार्षद शशि कल्याणी, नीरज अहीर और वीणा सक्सेना ने सीवरेज लाइन और पैच वर्क के मुद्दे को उठाया। वहीं किरण शर्मा ने प्राइवेट बस स्टैंड पर गड्ढों, अपने वार्ड में रोड की खस्ता हालत और नगर पालिका में फाइलों व मूल नस्ती के मौजूद न रहने पर जिम्मेदारों को घेरा।

भारत अहीर बोहरा कॉलोनी के रोड और स्कीम नंबर 36 में पाइप लाइन न बिछाए जाने पर जमकर बरसे। नेता प्रतिपक्ष योगेश प्रजापति ने नगर पालिका की संपत्ति पर अवैध कब्जे का मामला उठाया और सीधा आरोप लगाया कि नगर पालिका के अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

मनीषा ओम दीवान, भारत अहीर और हरगोविंद दीवान ने सीएम राइज़ स्कूल के निर्माण का स्वागत किया, लेकिन जिस जगह का प्रस्ताव लाया गया है, उसे अनुचित बताया। उनका कहना था कि ग्वालटोली के गरीब वर्ग के सैकड़ों लोग इस भूमि पर वर्षों से अपना जीवन यापन कर रहे हैं। परिषद की बैठक के दौरान वाहन चालकों ने भी अपना ज्ञापन दिया। पार्षदों का यह भी कहना था कि पिछली परिषद में जो सवाल पूछे गए थे, उन पर कोई कार्यवाही नहीं की जा रही। आठ-ए और भूखंड क्रमांक 1056 का मुद्दा भी इस बैठक में गरमाया।

पार्षद दारा सिंह यादव ने नीमच सिटी पिपली चौक पर बारिश में नालों का कीचड़ जमा हो जाने को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि एक ठेकेदार द्वारा नगर पालिका कर्मचारियों को गोली मारने की धमकी दी जा रही है। इनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने कहा कि सम्मेलन में जो समस्याएं सामने आई हैं, उनके निराकरण की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
