अशोकनगर। कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को एक युवक ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। युवक की पहचान रघुराज लोधी के रूप में हुई है, जो मुंगावली थाना क्षेत्र के मूडरा गांव का रहने वाला है। वह खुद को आग लगाने के लिए कलेक्ट्रेट मैदान में पेट्रोल की बोतल निकाल रहा था, तभी मौके पर मौजूद तहसीलदार रोहित रघुवंशी और एक पुलिसकर्मी ने समय रहते उसकी बोतल और बैग छीनकर बड़ा हादसा टाल दिया।
रघुराज ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति ने उसकी मोटरसाइकिल रख ली है और वह कई बार थाने गया, लेकिन अब तक मोटरसाइकिल वापस नहीं मिल पाई। युवक का कहना है कि उसकी मां शादी विवाह में पूड़ी बनाने का काम करती है, उसी कमाई से यह मोटरसाइकिल खरीदी थी।
युवक ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी उससे बाइक छुड़ाने के बदले पैसे मांग रहे हैं। इसी नाराजगी के चलते वह जनसुनवाई में आत्मदाह करने आया था। जनसुनवाई में युवक कह रहा था कि वह और उसकी मां दोनों पेट्रोल डालकर आग लगा लेंगे।
शर्ट में आग लगाने की कोशिश भी की बोतल छिनने के बाद रघुराज ने अपनी शर्ट में लाइटर से आग लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मी ने लाइटर भी छीन लिया। इसके बाद उसे पुलिस अधीक्षक कार्यालय ले जाया गया, जहां अधिकारियों ने उसकी बात सुनी।
रघुराज ने बताया कि विकास यादव नाम का व्यक्ति चुनावी रंजिश के चलते उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसने भाई और माता-पिता के साथ भी मारपीट की है। युवक का कहना है कि अगर उसके साथ कोई घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी उसी व्यक्ति की होगी।