मंदसौर। जिले के दलौदा से मिनी ट्रक सड़क पर गिर गया। मंगलवार दोपहर सुनील नामक शख्स लहसुन से भरा मिनी ट्रक मन्दसौर से रतलाम की ओर लेकर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक महू नीमच 4 लेन रोड दलौदा स्थित जैन होटल के सामने पलट गया, हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मिनी ट्रक क्रमांक एमपी 13 जीबी 0780 तेज रफ़्तार में स्पीड ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगाने से पलटी खाया है, घटना के बाद लहसुन के कट्टे सड़क पर बिखर गए यही वजह है कि कुछ मिनटों तक 4 लेन मार्ग पर जाम की स्थिति से यातायात प्रभावित भी हुआ।
हालांकि सूचना मिलते ही दलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से मिनी ट्रक को सीधा करवाया और लहसुन के कट्टे वापस मिनी ट्रक में भरवाकर उसे रतलाम के लिए रवाना कर दिया गया। दलौदा थाना प्रभारी मनोज गर्ग के मुताबिक मिनी ट्रक में सिर्फ चालक ही सवार था जो पूरी तरह से सुरक्षित है, पलटी खाए ट्रक को सीधा करवा कर रवाना करवा दिया है।