मऊगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जनसुनवाई में लोग 75 शिकायतें लेकर पहुंचे। संयुक्त कलेक्टर राजेश मेहता ने लोगों की समस्याएं सुनी।
ग्राम पंचायत बरहटा सरपंच ममता सिंह के साथ आए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तहसीलदार ने आम निस्तार के रास्ते का पट्टा एक निजी व्यक्ति के नाम कर दिया है। यह रास्ता सालों से ग्रामीणों के उपयोग में था।
कर्मचारियों को तीन महीने से नहीं मिला वेतन
इधर, जल संसाधन विभाग के कर्मचारियों ने वेतन न मिलने की समस्या उठाई। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष लोकेश तिवारी के साथ आए कर्मचारियों ने बताया कि तीन माह से उन्हें वेतन नहीं मिला है।
तीन महीने पहले मऊगंज में विभाग का कार्यालय खोलने की घोषणा हुई थी। लेकिन न तो कार्यालय शुरू हुआ और न ही वेतन मिला। इससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संयुक्त कलेक्टर ने कर्मचारियों के वेतन भुगतान के लिए विभागीय अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा जनसुनवाई में राजस्व, बिजली, जल, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, बैंक और सहकारिता सहित कई विभागों से जुड़ी शिकायतें आईं।