नीमच। जिले के सरवानिया महाराज गाँव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण का मामला आज कलेक्टर कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में सामने आया है। कंवरलाल पाल और उनकी पत्नी रेखाबाई पर आरोप है कि उन्होंने करोड़ों की सरकारी भूमि पर 8 दुकानें बना ली हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग करते हुए जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई है।ग्रामीणों का आरोप है कि ये लोग नगर पंचायत अधिकारियों की मिलीभगत से अवैध दस्तावेज तैयार करवा रहे हैं और खुलेआम धमकियां देते हैं। उनकी शिकायत है कि आंकली रोड सहित कई स्थानों पर भू-माफियाओं ने सरकारी जमीन हड़प रखी है, जिससे सीएम राइज स्कूल जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता बाधित हो रही है। बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने कलेक्टर से अवैध निर्माण को तत्काल ध्वस्त करने और भूमि को जनहितैषी योजनाओं के लिए मुक्त कराने की मांग की है। प्रशासन अब इस मामले में क्या कदम उठाता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।