नीमच। शहर के ग्वालटोली निवासी जगदीश प्रसाद हॉस और चाँदमल ग्वाला ने कलेक्टर से आज जनसुनवाई में न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने एक आवेदन प्रस्तुत कर आरोप लगाया है कि नगरपालिका परिषद नीमच उन्हें उनकी पैतृक भूमि खेत क्रमांक 24 और 30 कुल 9 एकड़ जमीन से जबरन हटाने का प्रयास कर रही है।जबकि इस संबंध में माननीय उच्च न्यायालय खंडपीठ इंदौर ने 07 अप्रैल 2022 को उनके पक्ष में निर्णय दिया था। जगदीश प्रसाद ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश के बाद उन्होंने नगरपालिका को एक आवेदन दिया था, जिसमें अदालत की शर्तों का उल्लेख था, लेकिन नगरपालिका ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। उनका यह भी आरोप है कि नगरपालिका के अधिकारी और कर्मचारी उनके पशुओं को भी ले जाने की धमकी दे रहे हैं।जगदीश प्रसाद और चाँदमल ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि नगरपालिका को उच्च न्यायालय के आदेशानुसार उन्हें उनकी 20 प्रतिशत भूमि का अधिकार दिलवाया जाए और नगरपालिका के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। उन्होंने अपने आवेदन के साथ उच्च न्यायालय के आदेश की प्रति और नगरपालिका परिषद नीमच के संबंधित पत्र को भी संलग्न किया है।