नीमच। प्रदेश में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच जिले की रतनगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 100 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा के साथ एक सफेद रंग की बिना नंबर स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक कार्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे राज्यव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। नीमच एसपी अंकित जायसवाल, एएसपी नवल सिंह सिसोदिया और एसडीओपी जावद निकिता सिंह के निर्देशन में तथा थाना प्रभारी रतनगढ़ निरीक्षक वीरेंद्र झा के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।

दिनांक 21 जून 2025 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की बिना नंबर स्विफ्ट डिजायर कार में डोडाचूरा की तस्करी की जा रही है। इस सूचना के आधार पर रतनगढ़ थाना पुलिस ने नीमच-सिंगोली रोड स्थित रतगढ़ घाट पर नाकाबंदी की। तलाशी के दौरान कार से 100 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया।

पुलिस ने वाहन चालक शाहनवाज उर्फ सोनू पिता जब्बार नवाज मंसुरी (उम्र 26 वर्ष), निवासी ग्राम भादसोडा, जिला चित्तौड़गढ़ (वर्तमान पता कालूखेड़ा, थाना बेगूं, जिला चित्तौड़गढ़) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जब्त माल-
- 100 किलोग्राम डोडाचूरा, अनुमानित कीमत 10,00,000
- बिना नंबर सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार, कीमत 8,00,000

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी उजागर किए हैं, जिन्हें सह-आरोपी बनाकर विवेचना जारी है।
सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनगढ़ निरीक्षक श्री वीरेंद्र झा एवं उनकी टीम की सक्रियता और सतर्कता की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस सफल कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान को नई मजबूती मिली है।
