चित्तौड़गढ़/चंदेरिया। पुलिस मुख्यालय जयपुर की ओर से पूरे जून माह में बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी और मानव दुर्व्यापार उन्मूलन के लिए विशेष अभियान उमंग 5 का संचालन किया जा रहा है। इस कड़ी में चितौड़गढ़ पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में जिले में बाल नशावृति, बाल श्रम और बाल विवाह की प्रभावी रोकथाम पर आमजन में जागरूकता के लिए युनिसेफ राजस्थान के सहयोग से रेंज पुलिस द्वारा संचालित कार्यक्रम पुलिसिंग फॉर केयर ऑफ चिल्ड्रन कार्यक्रम अंतर्गत जिले के सभी वृत्तों में नुक्कड नाटकों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत चंदेरिया थाना क्षेत्र में कुमार वाटिका में जागरूकता कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यूनिसेफ राजस्थान की उदयपुर रेंज की संभाग स्तरीय बाल संरक्षण सलाहकार सिंधु बिनुजीत ने बाल श्रम उन्मूलन और बालकों के उचित संरक्षण के साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा हमारा उद्देश्य बालकों को सामाजिक कुरीतियों एवं अपराध से बचाते हुए उन्हें शिक्षा के बेहतर आयान उपलब्ध कराते हुए उन्हें सुखद भविष्य का निर्माण करना है।
कार्यकम में सेवानिवृत पुलिस अधिकारी अमरकंठ उपाध्याय ने बताया कि वे सेवानिवृत होने के बाद भी बच्चों के संरक्षण के लिए कार्य कर रहे हैं और उन्होंने हाल ही भी क्षेत्र में बाल विवाह रोकथाम में लिए किए प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम में जयपुर से पधारे बाल संरक्षण के लिए कार्यरत शिक्षक अनिल कटारिया ने बालकों के लिए शिक्षा का महत्व एवं उपयोगिता के बारे में बताया। चंदेरिया थाने के एएसआई सुभाष यादव ने क्षेत्र में बाल श्रम उन्मूलन ओर भिक्षावृत्ति उन्मूलन के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने पुलिस मुख्यालय की ओर से पूरे जून माह में जारी उमंग-5 अभियान की जानकारी दी और आमजन से आहवान किया कि बाल अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूक होकर पुलिस का सहयोग करे और बाल संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाते हुए एक सकारात्मक वातावरण तैयार करे। इस अवसर पर राजस्थान के ख्यातनाम लोक कलाकार और नाट्य आर्टिस्ट कमलेश बामणिया की टीम ने कठपुतली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बालकों को बालश्रम, बाल भिक्षावृत्ति से बालकों को दूर रखने, बेटा बेटी को शिशा के समान अवसर उपलब्ध कराने और बालकों का उचित संरक्षण करते हुए उनके बेहतर भविष्य के निर्माण में भागीदार बनने का संदेश दिया।
इस अवसर पर समाजसेवी गजानंद शर्मा ने यूनिसेफ के प्रयासों की सराहना करते हुए कई उपयोगी सुझाव दिए। कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम टीम के सुनील व्यास ने किया जबकि आभार एएसआई मुकेश कुमार ने जताया। इस अवसर पर सुरक्षा सखी हेमा सुहालका, सामाजिक कार्यकर्ता पुलिस मित्र, गाम रक्षक तथा सीएलजी सदस्य आदि उपस्थित रहे।