नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सीआरपीएफ के केंद्रीय प्रशिक्षण केंद्र नीमच में आज 143 नवनियुक्त सिपाही/ट्रेड्समैन ने देशसेवा की शपथ ली। एक शानदार सत्यापन-सह-शपथ ग्रहण परेड समारोह में इन युवा जांबाजों ने अपने 16 सप्ताह के कड़े प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उनके परिजन भी मौजूद थे। परिजनों की आंखों में अपने बच्चों को वर्दी में देखकर गर्व साफ झलक रहा था।
सीआरपीएफ नीमच के महानिरीक्षक सह प्राचार्य संदीप दत्ता ने परेड की सलामी ली और इन नए रंगरूटों को संबोधित किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशिक्षण का अंत वास्तविक परीक्षा की शुरुआत है। दत्ता ने नए सिपाहियों अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदारी, लगन और धैर्य बनाए रखने का आह्वान किया। 24 फरवरी 2025 को शुरू हुए इस बुनियादी प्रशिक्षण के दौरान रंगरूटों को बल के अनुशासन, शारीरिक दक्षता, हथियारों के संचालन, नियमों और संबंधित ट्रेडों का गहन ज्ञान प्रदान किया गया। अब ये नवनियुक्त सिपाही ट्रेड्समैन अपनी संबंधित बटालियनों और कार्यालयों में रिपोर्ट करेंगे, जहां वे अपनी जिम्मेदारी पूर्ण निष्ठा के साथ निभाएंगे। शपथ ग्रहण समारोह के बाद इन जोशीले जवानों ने अपनी शारीरिक क्षमताओं और युद्ध कौशल का अद्भुत प्रदर्शन किया। इन हैरतअंगेज करतबो को दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का समापन फोटोग्राफी सत्र और परस्पर बातचीत के साथ हुआ। प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रशिक्षकों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उप कमांडेंट आशीष भटनागर, सहायक कमांडेंट राजेश पंचाल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अधिकारीगण,जवान और देश के विभिन्न क्षेत्र से आए उनके परिजन उपस्थित रहे।