नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने चार्ज ग्रहण करने के बाद से ही शहर में भ्रमण कर सफाई व अन्य व्यवस्था में सुधार करने के प्रयास प्रारंभ कर दिए है। सोमवार को नगरपालिका कार्यालय में शाखा प्रभारी की बैठक लेने तथा मंगलवार को शहर के अनेक क्षेत्रो में जाकर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने के पश्चात् बुधवार सुबह वे सर्वप्रथम बंगला नंबर 60 स्थित कर्मशाला पहुंची और वहाँ का निरीक्षण कर कचरा वाहन, पानी के टैंकर, जेसीबी व अन्य वाहनों के बारे में जानकारी प्राप्त की। तत्पश्चात शहर के फव्वारा चौक पर चल रहे सफाई कार्य का निरीक्षण कर सब्जी मंडी के बाहर की भी सफाई व्यवस्था देखी एवं आवश्यक निर्देश दिए। इसके पश्चात बामनिया भोलियावास स्थित ग्रेचिंग ग्राउंड पर पहुंची और वहां का निरीक्षण कर वहां पदस्थ कर्मचारियों से कचरा निष्पादन संबंधी कार्य के बारे में जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए।
बामनिया ने वहां विकसित किए गए गार्डन और अनुपयोगी चीजों का उपयोग कर बढ़ाई गई गार्डन की सुंदरता को देख सराहना भी की। इस दौरान प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, स्वच्छता निरीक्षक भारतसिंह भारद्वाज, अविनाश घेंघट, गोपाल नरवाले आदि भी साथ थे।