गुना। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के मुख्य आतिथ्य में 01 मई के उपरान्त जन्मी बालिकाओं के खुलवाए गए सुकन्या खाते का पासबुक वितरण कार्यक्रम गुना के शुभ विदाई गार्डन में समारोहपूर्वक सम्पन्न हुआ। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कन्या पूजन तथा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि मेरे संसदीय क्षेत्र में गुना, अशोकनगर और शिवपुरी में 01 मई 2025 से 01 मई 2026 तक 12 महीने जितनी बच्चियों का जन्म होगा, उन सभी बच्चियों का खाता, माता-पिता के द्वारा नहीं, परिवार के मुखिया ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा 500 रूपये डालकर खोला जायेगा। उन्होंने कहा कि आज का यह कार्यक्रम मातृशक्ति को समर्पित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई सुकन्या समृद्धि योजना हमारी बेटियों के सुनहरे भविष्य को गढ़ रही है। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि उन्होंने अपनी निजी राशि से गुना संसदीय क्षेत्र की 886 बालिकाओं के खाते खुलवाए हैं, ताकि हमारी बेटियां भविष्य में आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें।