नीमच। जिले के धनेरिया कला के एक किसान किशोर अजमेरा ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। अजमेरा ने आरोप लगाया है कि भू-माफिया कमलेश धनगर और नमन गुर्जर ने उनकी ज़मीन पर जबरन कब्ज़ा करने की कोशिश की और उन पर व उनके परिजनों पर हमला भी किया। किसान अजमेरा के अनुसार, 27 तारीख को भू-माफियाओं ने उनके खेत पर आकर उन्हें व उनके भतीजे को धमकाया।
शिकायत करने के बाद जब अजमेरा और उनके परिजन खेत पर इकट्ठा हुए, तो कमलेश धनगर और नमन गुर्जर अपने साथियों के साथ रिवाल्वर, लाठी और कुल्हाड़ी लेकर आए और फायरिंग भी की, जिससे उन्हें भागना पड़ा। इस दौरान हमलावरों ने उनकी पांच बाइकों को भी तोड़ दिया। अजमेरा ने बताया कि उन्होंने एक हमलावर, तुषार राठौर को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया,
जिसने पूछताछ में पैसे लेकर आने की बात कबूली थी।हालांकि, चौंकाने वाली बात यह है कि बघाना पुलिस ने अगले ही दिन कथित तौर पर भू-माफियाओं से मिलकर किशोर अजमेरा और उनके परिजनों के खिलाफ एक झूठी एफआईआर दर्ज कर दी।
मामला डेढ़ बीघा ज़मीन से जुड़ा है, जिसे अजमेरा ने 1999 में खरीदा था, लेकिन नामांतरण लंबित था। नानूराम की मृत्यु के बाद भू-माफियाओं ने उनके एक पुत्र से धोखाधड़ी कर ज़मीन की रजिस्ट्री करवा ली, जबकि न्यायालय में नामांतरण का मामला अभी भी विचाराधीन है।
किशोर अजमेरा ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उनके खिलाफ दर्ज झूठी एफआईआर को तुरंत निरस्त किया जाए और भू-माफियाओं के खिलाफ दर्ज उनकी शिकायत पर सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए।