उज्जैन। उपसंचालक शासकीय संभागीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र ने जानकारी दी कि म.प्र.शासन अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित शासकीय संभागीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र में राज्य सेवा परीक्षा, रेल्वे, बैंकिंग, एसएससी तथा मप्र कर्मचारी चयन मण्डल के द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रशिक्षण कक्षाएँ 07 जुलाई से प्रारंभ होंगी। जिसमें अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के पात्र अभ्यार्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण हेतु आवश्यक दस्तावेज कार्यालयीन समय में जमा किये जा सकेंगे।
इस प्रशिक्षण केन्द्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष एवं अधिकतम आयु 35 वर्ष के बीच होना चाहिए। सभी स्त्रोतों से परिवार की वार्षिक आय 6.00 लाख रूपये से अधिक नहीं होना चाहिए। साथ ही छात्राओं हेतु छात्रावास सुविधा उपलब्ध है। प्रशिक्षणार्थियों को छात्रवृत्ति एवं आवास सहायता योजना का लाभ उपस्थिति के आधार पर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के लिए केन्द्र में सर्व सुविधायुक्त लाईब्रेरी, कम्प्यूटर लेब, डिजिटल क्लास रूम, नियमित टेस्ट सीरीज सुविधा उपलब्ध है। साथ ही योग्य एवं अनुभवी प्रशिक्षको द्वारा प्रशिक्षण दिया जावेगा।
आवेदन शासकीय संभागीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र सांवेर रोड दीनदयाल कॉम्प्लेक्स के पीछे गांधी नगर उज्जैन में जमा किये जाएंगे।