मंदसौर। जनपद पंचायत मंदसौर की साधारण सभा शनिवार दोपहर जनपद सभागृह में अध्यक्ष बसंत कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें जल गंगा अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, और स्वच्छ भारत मिशन प्रमुख रहे।
बैठक में महिला एवं बाल विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल जीवन मिशन, विद्युत और शिक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अध्यक्ष बसंत कुमार शर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जाएगी। बिना मुंडेर वाले कुओं पर सुरक्षा के मद्देनजर मुंडेर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। सभा में जनपद पंचायत सदस्यगण, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।