चित्तौड़गढ़। स्वतंत्रता दिवस की 80 वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को निंबाहेड़ा के पेच एरिया स्थित कांग्रेस कार्यालय पर देशभक्ति एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता उदयलाल आंजना ने प्रातः 9ः30 बजे क्षेत्र के कांग्रेसजनों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया।
ध्वजारोहण से पूर्व पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने महात्मा गांधी सहित देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
देश की एकता और अखंडता बनाए रखना हम सभी का दायित्व- आंजना
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए उदयलाल आंजना ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का दिन है। आजादी हमें लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद मिली है, इसलिए इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का परम कर्तव्य है।
आंजना ने कहा कि वर्तमान दौर में देश की अखंडता, एकता, भाईचारे और सहिष्णुता को बनाए रखना पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। भारत विविधताओं से भरा देश है, जहां विभिन्न धर्मों, जातियों, भाषाओं और संस्कृतियों के लोग सदियों से आपसी प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ रहते आए हैं। हमारे संविधान ने सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान किए हैं और प्रत्येक धर्म एवं समुदाय के सम्मान की भावना को मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि देश की सदियों पुरानी गंगा-जमुनी संस्कृति और तहजीब को कायम रखते हुए आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता को और मजबूत करें। यही हमारी राष्ट्रीय एकता और अखंडता की वास्तविक शक्ति है।
आंजना ने कांग्रेसजनों सहित उपस्थित सभी लोगों से देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं सामाजिक सद्भाव की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
राष्ट्रगान के साथ गूंजा देशभक्ति का माहौल
ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित सभी कांग्रेसजनों, जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने सम्मानपूर्वक खड़े होकर राष्ट्रगान “जन गण मन३” का सामूहिक रूप से गायन किया। राष्ट्रगान के दौरान सभी उपस्थितजन सावधान मुद्रा में खड़े रहे। राष्ट्रगान के समापन के बाद पूरे कांग्रेस कार्यालय परिसर में “भारत माता की जय” सहित देशभक्ति के गगनभेदी नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
देशभक्ति कविता ने बांधा समां
समारोह के दौरान निंबाहेड़ा रज़ा एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष फारुख मोहम्मद ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कविता का भावपूर्ण वाचन किया। उनकी कविता ने उपस्थित कांग्रेसजनों एवं समारोह में मौजूद बालक-बालिकाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल किया।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद
स्वतंत्रता दिवस समारोह में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संपत धाकड़, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बंशीलाल राइवाल, नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष सुभाष चन्द्र शारदा, उपाध्यक्ष परवेज अहमद उर्फ शिब्बी एवं अच्छू खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, जनप्रतिनिधिगण, कांग्रेस के विभिन्न अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।