नीमच। जिले के ग्राम बोरदिया में किसानों और आम जनता को रास्ते पर हुए अतिक्रमण के कारण गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस संबंध में जनसुनवाई में कलेक्टर से अतिक्रमण हटाने और रास्ते को रिकॉर्ड अनुसार चौड़ा करने की गुहार लगाई है।ग्राम बोरदिया के किसान लंबे समय से शासकीय सर्वे नंबर 32, 140, 188, 191, 734, 636, 626, 645, 214, 669 पर स्थित रास्ते पर हुए अतिक्रमण से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, यह रास्ता शासकीय रिकॉर्ड में 30 फीट चौड़ा दर्ज है, लेकिन वर्तमान में अतिक्रमण के चलते यह महज 8 फीट ही रह गया है।बारिश के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जब रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे किसानों को अपने कृषि उपकरण खेतों तक ले जाने में भारी कठिनाई होती है। ग्रामीणों ने अपनी अर्जी में बताया कि शासकीय रास्ते पर अतिक्रमण होने से आमजन का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।चौंकाने वाली बात यह है कि यह मुख्य मार्ग मनरेगा के तहत स्वीकृत है, लेकिन अतिक्रमणकर्ताओं के कारण ग्राम पंचायत इसका निर्माण कार्य शुरू नहीं कर पा रही है। किसान स्वयं जनभागीदारी से उपमार्ग बनाना चाहते हैं, पर अतिक्रमण के कारण वे भी ऐसा करने में असमर्थ हैं।
किसानों और ग्रामीणों ने कलेक्टर से अपील की है कि वे इस गंभीर समस्या का संज्ञान लें और तत्काल प्रभाव से रास्ते से अतिक्रमण हटवाकर उसे रिकॉर्ड अनुसार 30 फीट चौड़ा करवाएं।