शाजापुर। जिले के शुजालपुर में उप जेल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे जेल उप महानिरीक्षक, जेल मुख्यालय भोपाल मनसा राम पटेल मुस्लिम बंदी को नमाज नहीं पढ़ने पर मौलवी को 5 टाइम की नमाज पढ़वाने, नियम सुनाने की हिदायत देते दिखे।
जेल में निरीक्षण के सामने आए दो अलग अलग वीडियो में मनसा राम पटेल बंदियों से बात करते दिख रहे हैं। 40 सेकंड के पहले वीडियो में वे मुस्लिम बंदी से पूछ रहे हैं, नमाज कितना टाइम पढ़ लेते हो...ये नमाज नहीं पढ़ता, कौन, कहां है मौलवी जी, इसको पांचों टाइम की नमाज पढ़ाओ, नियम सुनाओ, वजू करना सिखाओ...। नहाते कितने दिन में हो? रोज नहाओ, अरब में पानी नहीं था, यहां तो कोई कमी नहीं है।
इसी तरह एक अन्य वीडियो में कहते दिखे, सरकार खाने, पीने, साबुन दे रही है, हर काम दे रही है, अब करेगा क्या यहां पर! इसके बाल कटिंग करवा दो, इसको हनुमान चालीसा रटवा दो। जोर जोर से 50 लोग मिलकर बोलो, अगली बार सुनूंगा, बिना देखे आना चाहिए।
जेलर शिवपाल सिंह पारोदिया ने बताया औचक निरीक्षण किया गया। सभी बंदियों कि समस्या सुनी व बंदियों को अपने जीवन में सुधार करने के लिए समझाया गया।