कुकड़ेश्वर। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर के नवीन नायब तहसीलदार कार्यालय में पहली बार ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नायब तहसीलदार नवीन सलोत्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर नगर एवं क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर तहसील क्षेत्र के सभी पंचायतों से आए कोटवार, पटवारी, नगर पटेल एवं गिरदावर मौजूद रहे। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश पटेल संघ के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र पटेल, हल्का पटवारी राकेश गुर्जर सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया और स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
अपने संबोधन में नायब तहसीलदार सलोत्रा ने कहा कि नवीन तहसील कार्यालय में यह पहला झंडा वंदन समारोह है, जो पूरे नगर और क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। कार्यक्रम के अंत में गिरदावर रामदयाल शर्मा ने सभी अतिथियों, नगरवासियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।