नीमच। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिलेभर में राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों एवं ग्रामों में तिरंगा रैलियां और यात्राएं निकाली गईं। विद्यार्थियों, ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की और देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया।
जिले के हायर सेकेंडरी स्कूल सावन, धामनिया, रेवली-देवली, पालसोड़ा, कन्या विद्यालय जीरन, कुचरोद, हाईस्कूल बांगरेड, भाटखेड़ी, लोडकिया एवं घसुंडी जागीर सहित विभिन्न विद्यालयों में तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पैदल एवं साइकिल से रैली में सहभागिता की। रैलियों के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
बोरदिया कलां और तलाऊ में भी निकली तिरंगा यात्रा-
इसी क्रम में ग्राम बोरदिया कलां एवं तलाऊ में भी तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड नीमच के मार्गदर्शन में ग्राम बोरदिया कलां में नवांकुर संस्था ग्रीन विजन सेवा फाउंडेशन, नीमच द्वारा तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। इसमें ग्रामीणों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वहीं, विकासखंड मनासा के मार्गदर्शन में चयनित नवांकुर संस्था लाल कुंवर भगवती शिक्षण समिति एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति तलाऊ के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम तलाऊ में तिरंगा यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री हनुमानजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद समिति सदस्यों एवं महिलाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर गांव में यात्रा निकाली।
भारत माता के जयघोष से गूंजा वातावरण-
दोनों ग्रामों में तिरंगा यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया। ग्रामीणों ने अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित इन गतिविधियों से नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत हो रही है। विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं एवं ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता से स्वतंत्रता दिवस के पूर्व जिलेभर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना हुआ है।