सिंगोली। नीमच जिले के अंतिम छोर पर बसे सिंगोली में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों के कर्मचारियों एवं विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन एवं थाना प्रभारी बी.एल. भाबर के नेतृत्व में पुलिस थाना सिंगोली पर पदस्थ प्रधान आरक्षक सुनील वर्मा को गुमशुदा बालिकाओं को दस्तयाब करने में उत्कृष्ट कार्य हेतु सम्मानित किया गया। इसी प्रकार शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य राजेंद्र जोशी को श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम दिलाने के लिए तथा विद्युत वितरण केंद्र सिंगोली में पदस्थ कनिष्ठ अभियंता आशीष खटीक को सीएम हेल्पलाइन में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मान प्राप्त हुआ।
वहीं, प्रियानी पुत्री अशोक मेहर (सिंगोली) को कक्षा 12वीं कृषि विषय में नीमच जिले की प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
जिला स्तर पर आयोजित इस सम्मान समारोह में जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल एवं नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने सभी सम्मानितों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।