कुकड़ेश्वर। नगर में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षाेल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। प्रातः से ही सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी निकालकर नगर के प्रमुख मार्गों पर देशभक्ति के नारे लगाए। प्रभात फेरी का समापन सांदीपनि हाई सेकेंडरी स्कूल परिसर में हुआ, जहां पर सभी स्कूलों के छात्र-छात्राएं एकत्रित हुए।
मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष उर्मिला महेंद्र पटवा ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी का संदेश भी लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने बड़े ध्यानपूर्वक सुना।
समापन पर सभी उपस्थित लोगों को मिठाई वितरित की गई। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार नवीन सालोत्रे, नगर पालिका अधिकारी कमल सिंह परमार, थाना प्रभारी टी.आई भीम सिंह सिसोदिया, नगर परिषद पार्षदगण, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर नगर पालिका सीएम कमल सिंह परमार ने सभी का आभार व्यक्त किया।