देवास। जिले में 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित मुख्य समारोह में कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली।
ध्वजारोहण के बाद कलेक्टर सिंह ने फूलों से सजी सफेद जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया मौजूद थे। सशस्त्र बलों द्वारा हर्ष फायरिंग और भव्य मार्चपास्ट ने कार्यक्रम में ऊर्जा भर दी। शांति का संदेश देने के लिए रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों व प्रस्तुतियों से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिजनों को शाल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
शस्त्र सहित परेड में सीआईएसएफ प्रथम, एसएएफ द्वितीय और जिला होम गार्ड तृतीय स्थान पर रहे।शस्त्र रहित परेड में उत्कृष्ट विद्यालय प्रथम, केपी कॉलेज द्वितीय और महारानी चिमनाबाई कन्या विद्यालय तृतीय रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में सांदिपनी विद्यालय प्रथम, महारानी चिमनाबाई कन्या विद्यालय द्वितीय और उत्कृष्ट विद्यालय तृतीय स्थान पर रहे।
पहाड़ा सुनाओ-इनाम पाओ’ प्रतियोगिता में विकासखंड खातेगांव के प्राथमिक विद्यालय खातामऊ के कक्षा 4 के विद्यार्थी किशन ने 2 मिनट 19 सेकंड में 1 से 25 तक का पहाड़ा सुनाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मुख्य समारोह में जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित किया गया। शहरवासियों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम उत्साह के साथ संपन्न हुए।