रामपुरा। गणेश चतुर्थी एवं गणेश उत्सव के उपलक्ष्य में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामपुरा में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत इको-फ्रेंडली गणेशजी बनाने हेतु एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्राध्यापक डॉ. नरेंद्र डबकरा ने कहा कि प्लास्टर ऑफ पेरिस और हानिकारक केमिकल से बनने वाली मूर्तियां पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचाती हैं। इसीलिए हमें मिट्टी से निर्मित पर्यावरण मित्र मूर्तियों को अपनाना चाहिए।
इस अवसर पर नीमच से आई प्रशिक्षक मीनाक्षी यादव ने विद्यार्थियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया। लगभग 65 विद्यार्थियों ने सहभागिता कर अपनी-अपनी प्रतिमाएं बनाईं। कार्यशाला में प्राध्यापक डॉ. प्रेरणा ठाकरे, मयंका पलाश्या, शिवानी जोशी एवं नेहा शर्मा ने भी मूर्तियां बनाकर उदाहरण प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलराम सोनी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी को अपने घरों में इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिल्पा राठौर ने किया तथा जानकारी कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. आसावरी खैरनार ने दी।