मंदसौर। सांसद सुधीर गुप्ता ने मंदसौर कृषि उपज मंडी कार्यालय में हम्मालों और तुलावटियों की बैठक में सहभागिता की। बैठक में मंडी की व्यवस्थाओं और तुलावटी व हम्मालों के पारिश्रमिक पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
सांसद गुप्ता ने कहा कि “किसान और श्रमिक, दोनों का सम्मान और हित सुरक्षित रहना ही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हम्माल थिया पद्धति से माल नहीं तौलेंगे और सभी कांटे एक साथ लगाए जाएंगे। उपज की नीलामी जहां पहले हुई है, वहां एक साथ सारे कांटे लगाकर तौल की जाएगी और कोई भी कांटा बंद नहीं रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि तुलवाई के समय किसानों से स्वयं कार्य नहीं कराया जाए, यदि ऐसा होता है तो संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी। सांसद गुप्ता ने बताया कि किसानों को उपज व्यापारी के गोदाम तक पहुँचाने में कठिनाई होती है, क्योंकि ठेलों से उपज ढोने में अधिक समय लगता है और भुगतान में भी देरी होती है। इसलिए आगामी दिनों में लोडिंग वाहनों की व्यवस्था पर बल दिया गया है। इच्छुक हम्मालों को लोडिंग वाहन लेने हेतु सात दिन के भीतर मंडी सचिव को आवेदन प्रस्तुत करने की बात भी कही गई।
सांसद गुप्ता ने निर्देश दिए कि किसानों की उपज को सही और संतोषजनक ढंग से तौला जाए। वर्तमान में 50 किलो और 80 किलो की तौल व्यवस्था चल रही है, किंतु एक माह पश्चात केवल 50 किलो की ही तौल व्यवस्था लागू की जाएगी। साथ ही संपूर्ण व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा।
बैठक में उन्होंने मंडी प्रशासन को किसानों, हम्मालों और तुलावटियों के लिए पुख्ता बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी किसान को परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।