नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा एवं आगामी त्यौहारों गणेश चतुर्थी और नवरात्रि के दौरान पर्याप्त सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर स्वास्थ्य शाखा के अधिकारियों की बैठक ली और आवश्यक निर्देश दिए। सीएमओ बामनिया के निर्देश पर शहर की सड़कों पर विचरण करने वाले निराश्रित पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने की कार्यवाही भी जारी है। इसी क्रम में शनिवार को 16 निराश्रित पशुओं को चौनपुरा गौशाला भेजा गया।
बैठक में सीएमओ बामनिया ने 50 दिनों से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में पर्याप्त साफ-सफाई, मच्छरनाशी दवा का छिड़काव, गणेश चतुर्थी व नवरात्रि पर प्रतिमा स्थापना स्थलों पर चूने की लाइनिंग और विशेष सफाई व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। बैठक में स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, स्वच्छता निरीक्षक भेरूलाल अहीर, भारतसिंह भारद्वाज, गोपाल नरवाले, अविनाश घेघट एवं महेंद्र गोडाल उपस्थित रहे।
सीएमओ बामनिया ने बताया कि यातायात सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर की सड़कों और चौराहों पर विचरण करने वाले निराश्रित पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने की कार्यवाही लगातार जारी है। 23 अगस्त को नगर पालिका द्वारा शहर के मूलचंद मार्ग एवं अंबेडकर मार्ग से पकड़े गए 16 निराश्रित पशुओं को चौनपुरा गौशाला छोड़ा गया। यह कार्यवाही आगे भी सतत जारी रहेगी।