मंदसौर। गौ आरोग्य सेवा समिति मंदसौर के अध्यक्ष एवं पशु प्रेमी ओम बड़ोदिया ने कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग से मुलाकात कर जिले में कुत्तों (श्वानों) के साथ हो रहे क्रूरतापूर्ण व्यवहार पर रोक लगाने की मांग की।
इस अवसर पर श्री बड़ोदिया ने समिति द्वारा मूक पशु-पक्षियों के हितार्थ किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी कलेक्टर को फाइल के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि समिति पिछले 13 वर्षों से निरंतर मूक प्राणियों की सेवा कर रही है। हाल के दिनों में नगर पालिका एवं नगर परिषदों द्वारा कुत्तों को पकड़ने के लिए कैंची का उपयोग किया जा रहा है, जो इन बेजुबान जानवरों के प्रति अत्यंत अमानवीय और क्रूर व्यवहार है।
उन्होंने कहा कि इन कैंचियों से कुत्तों को पकड़कर घसीटा जाता है और उन्हें कचरा वाहनों व पशु-पकड़ने वाली गाड़ियों में बेरहमी से फेंक दिया जाता है। इससे कुत्तों को गंभीर चोटें आती हैं और कई बार उनकी मृत्यु भी हो जाती है। जबकि, कुत्तों को पकड़ने के लिए जाल उपलब्ध हैं, जिनसे किसी प्रकार की हानि नहीं होती। सुप्रीम कोर्ट ने भी अपने आदेश में कहा है कि किसी भी पशु को कैंची से नहीं पकड़ा जाएगा।
ओम बड़ोदिया ने कलेक्टर से अनुरोध किया कि जिले की सभी नगरपालिकाओं और नगर परिषदों को तत्काल निर्देश जारी किए जाएं कि कुत्तों को कैंची से पकड़ना बंद करें। साथ ही हर नगरपालिका क्षेत्र में डॉग शेल्टर बनाए जाएं, जहां इन मूक प्राणियों को सुरक्षित रखा जा सके।