नीमच। दाऊदी बोहरा समाज के 52वें धर्मगुरु सैयदना मोहम्मद बुरहानुद्दीन साहब और 53वें धर्मगुरु सैयदना आलीक़दर मुफद्दल सैफुद्दीन साहब का जन्मदिन रविवार को बड़ी श्रद्धा, हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाजजनों ने शहर में एक भव्य जुलूस निकाला, जिसने पूरे नगर का माहौल धार्मिक जोश और देशभक्ति से भर दिया।
बोहरा बाजार के बाहर से प्रारंभ हुआ यह जुलूस अत्यंत अनुशासित और पारंपरिक अंदाज में आगे बढ़ा। समाज के सदस्य अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।
जुलूस का मुख्य आकर्षण बच्चों से सजी बग्गी और घोड़ों पर सवार समाज के वरिष्ठ सदस्य रहे, जिन्होंने परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। पूरे मार्ग में “हिंदुस्तान जिंदाबाद” और “नारा-ए-तकबीर” जैसे नारे गूंजते रहे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मार्ग में जुलूस का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बुरहानी गार्ड ने सुरक्षा और अनुशासन की कमान संभाली, जबकि इज्जी स्काउट बैंड की मधुर धुनों ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।
यह जुलूस बोहरा गली से प्रारंभ होकर कमल चौक, फव्वारा चौक, बारादरी, घंटाघर, पुस्तक बाजार, फोर जीरो चौराहा होते हुए पुनः बोहरा गली पहुंचा। मार्ग में अनेक स्थानों पर समाजसेवियों और राजनीतिक संगठनों द्वारा समाजजनों का स्वागत किया गया। यह आयोजन दाऊदी बोहरा समाज की एकता, धार्मिक आस्था और देशभक्ति की भावना का जीवंत प्रतीक रहा।