पिपलियामंडी। राजपूत समाज नगर इकाई पिपलियामंडी के तत्वावधान में दशहरा एवं शस्त्र पूजन का भव्य आयोजन कंघट्टी मार्ग स्थित श्री पावागढ़ माताजी मंदिर परिसर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ठिकाना नारायणगढ़ के सज्जन सिंह चौहान एवं तहसील अध्यक्ष मानसिंह शक्तावत (ठिकाना सोनी) थे। साथ ही तेजपाल सिंह शक्तावत (धाकड़ी रावला), रंजीत सिंह शक्तावत (मुंडेड़ी), जितेंद्र सिंह सोनगरा, तेजपाल सिंह सिसौदिया सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन नगर अध्यक्ष शिवराज सिंह राठौर के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर नगर व आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। मंदिर परिसर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार शस्त्र पूजन संपन्न हुआ। मंदिर के पुजारी चौतन्य शास्त्री ने विधिविधान से पूजा-अर्चना कर शस्त्रों पर पुष्प अर्पित करवाए।
अतिथियों ने समाज की एकता, परंपरा और संस्कृति के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि राजपूत समाज की गौरवशाली परंपरा वीरता और शौर्य की प्रतीक है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र सिंह सोनगरा (सचिव, राजपूत समाज संगठन मल्हारगढ़) ने किया, जबकि आभार उपाध्यक्ष प्रशांत सिंह चौहान ने व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।