नीमच। सनातन सत्संग मंडल द्वारा डॉ. हेडगेवार बस्ती में आयोजित श्रीहनुमान चालीसा सामूहिक पाठ में बड़ी संख्या में सनातन परिवार के सदस्य शामिल हुए। आयोजन का उद्देश्य सामाजिक समरसता और एकता का संदेश देना रहा।
इस बस्ती में मुख्य रूप से गाड़ी लुहार समाज निवास करता है, जो कभी महाराणा प्रताप के साथ मुगलों के विरुद्ध युद्ध में अग्रणी रहा था। इस समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय शाहपुरा के युवा संत श्री चेतनराम (उदयपुर) की प्रेरणा से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रवासी समुदाय प्रमुख श्री रविंद्रप्रताप बुंदेला ने कहा कि भारत पुण्य भूमि है, जहाँ विश्व बंधुत्व की भावना पली-बढ़ी है। आज समाज को भोगवाद से बचाकर अपने सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करनी होगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण से हुआ। सत्संग में भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत भक्तिगीतों पर श्रद्धालु झूम उठे।
सनातन सत्संग मंडल ने सभी उपस्थित भक्तों और सहयोगी परिवारों का आभार व्यक्त किया।
अगला 57वां श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं दीपावली मिलन 21 अक्टूबर को रात्रि 8 बजे श्री द्वारिकाधीश मंदिर, बड़ा बाजार में आयोजित होगा।