चित्तौड़गढ़। भदेसर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में निंबाहेड़ा के बाडोली माधोसिंह निवासी शिवराज सिंह (18) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी जयवीर सिंह (24) घायल हो गया। दोनों असावरा माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे, तभी भदेसर के पास पीछे से आई 108 एंबुलेंस ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर में शिवराज गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को भदेसर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शिवराज को मृत घोषित कर दिया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
मृतक शिवराज शेखावाटी स्कूल, चित्तौड़गढ़ में कक्षा 11 का छात्र था और पढ़ाई के दौरान अपनी बुआ के घर सावा, शंभूपुरा में रहता था। हादसे से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।