मंदसौर। भारत सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव पंकज कुमार एवं केंद्रीय भूजल वैज्ञानिक सौम्या सिद्धार्थ ने आज मंदसौर जिले में जल शक्ति अभियान के अंतर्गत किए जा रहे विभिन्न विभागीय कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान दल ने ग्राम पंचायत निपानिया (अफजलपुर) स्थित तुम्बड़ नदी के उद्गम स्थल का भ्रमण किया। यहां गंगोत्री हरित परियोजना के तहत किए गए पौधारोपण कार्यों की सराहना की गई। इस स्थल पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत अब तक 5 एकड़ भूमि में 1200 फलदार पौधों का रोपण किया जा चुका है, जबकि अगले चरण में 1200 और पौधे लगाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान कुमार ने कहा कि नदी के उद्गम स्थल को प्लास्टिक मुक्त एवं पर्यावरणीय दृष्टि से स्वच्छ बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं ग्रामीणों से इस दिशा में निरंतर जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। इस दौरान पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास जल संरक्षण और हरित पर्यावरण की दिशा में एक सराहनीय कदम हैं।