चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ निंबाहेडा की ओर से देवोत्थापन एकादशी के पावन अवसर पर भव्य तुलसी शालीग्राम विवाह का आयोजन किया जा रहा हैं। जिसकी व्यापक स्तर पर तैयारियां जारी हैं। वेदपीठ के पदाधिकारियों ने बताया कि तुलसी विवाह के उपलक्ष्य में कार्तिक शुक्ला अष्टमी तद्नुसार 29 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे वेदपीठ परिसर में गणपति स्थापना के साथ ही विवाह महोत्सव का आयोजन प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को प्रातः 8 बजे वेदपीठ परिसर से बैंण्ड बाजों के साथ ठाकुरजी के सानिध्य में शालीग्राम जी की बारात प्रस्थान करेगी, जो कल्याण लोक पहुंचकर कल्याण गौशाला परिसर स्थित श्री कृष्ण मंदिर परिसर में विश्राम करेगी। जहां प्रातः 10 बजे वैदिक विधान के अनुसार तौरण एवं हस्तमिलाप की रस्म अदा करते हुए पूरे विधि विधान के साथ तुलसी शालीग्राम का विवाह करवाया जाएगा। उन्होंने समस्त कल्याण भक्तों, न्यायसियों, पदाधिकारियों, वीर वीरांगनाओं एवं कृष्णा शक्ति दल की माता एवं बहनों से आग्रह किया हैं कि इस विवाह समारोह में पूरी श्रद्धा के साथ भागीदारी निभाए।
छप्पनभोग एवं अन्नकूट महोत्सव देवोत्थापन एकादशी को-
वेदपीठ की परंपरा अनुसार आगामी देवोत्थापन एकादशी यानि 2 नवंबर को वेदपीठ पर विराजित कल्याण नगरी के राजाधिराज ठाकुरजी को छप्पनभोग न्यौछावर करने के साथ ही उसी दिन सायंकाल संध्या महाआरती के साथ भव्य अन्नकूट महोत्सव मनाया जाएगा। जिसकी व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने सभी भक्तों एवं श्रद्धालुओं से आग्रह किया हैं कि तुलसी विवाह, छप्पनभोग के मनोरथ एवं अन्नकूट महोत्सव में अधिकाधिक भागीदारी निभाना सुनिश्चित कर महोत्सव को द्विगुणित बनाने में कोई कोर कसर नहीं रखे।