नीमच। मध्य प्रदेश से मानसून की आधिकारिक विदाई हो चुकी है, लेकिन फिर भी कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। ग्वालियर में पिछले 24 घंटे से रुक-रुककर पानी गिर रहा है। मंगलवार सुबह तक दो इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी है। जिसके चलते आज दोपहर 12 बजे के बाद तिघरा डैम के गेट खोलकर पानी छोड़ा जाएगा। कई जिलों में हो रही बारिश से चम्बल नदी भी उफान पर आ गई है। नदी के उफान पर आने से गांधी सागर बांध का जल स्तर भी लगातार बढ़ रहा है। पानी की आवक ऐसे ही जारी रही तो गांध सागर बांध के छोटे गेट खोले जा सकते हैं।

आपकों बता दें कि नीमच-मंदसौर जिले में भी लगातार बारिश का दौर बना हुआ है। रविवार रात से जारी बारिश का क्रम सोमवार को दिनभर चला। आज मंगलवार को भी जिलेभर में सुबह से रूक-रूककर बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही मौसम में ठंडक भी घुल गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 से 48 घंटे तक कई जिलों में बारिश का क्रम जारी रहेगा।
