मंदसौर। शहर के गोल चौराहा स्थित मैत्री मेडिकल सेंटर में मंगलवार दोपहर इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया। मृतक की पहचान 55 वर्षीय जाकिर लश्करी निवासी मंदसौर के रूप में हुई है।

मृतक के पुत्र असलम लश्करी ने बताया कि वे अपने पिता को दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। उस समय उनकी स्थिति गंभीर नहीं थी। परिजन का आरोप है कि डॉ. राहुल सिंह सेंगर ने इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ देर बाद ही मरीज की मौत हो गई।

इस पर डॉ. राहुल सिंह सेंगर ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि मरीज को पहले से सांस लेने में तकलीफ थी और वह पिछले कुछ दिनों से बीमार था। डॉक्टर ने बताया कि मरीज को उसकी स्थिति के अनुसार आवश्यक उपचार दिया गया, जिसका पूरा रिकॉर्ड अस्पताल में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यदि परिजन लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं, तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक से मौत का प्रतीत होता है।

घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
