नीमच। अखिल भारतीय महासभा एवं मध्यप्रदेश प्रांतीय इकाई के सानिध्य में देवास जिला सभा द्वारा गुर्जर गोड ब्राह्मण समाज का पांचवां निःशुल्क अखिल भारतीय युवा-युवती परिचय सम्मेलन आगामी 29 मार्च 2026 रविवार को माँ चामुंडा की नगरी देवास में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय महासचिव एवं संरक्षक प्रमोद व्यास के मार्गदर्शन में किया जाएगा। आयोजन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। समाज के सभी स्वजातीय बंधुओं के लिए चाय, नाश्ता, आइसक्रीम और भोजन की व्यवस्था निःशुल्क की जाएगी। साथ ही बाहर से आने वाले समाजजनों के ठहरने की व्यवस्था भी की जाएगी।
सम्मेलन में अविवाहित युवा-युवतियों का विवरण एक परिचय स्मारिका में प्रकाशित किया जाएगा, जिसे नव स्वरूप में प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन के संयोजक कमलेश शर्मा एवं जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि सम्मेलन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। शीघ्र ही एक बैठक आयोजित कर आयोजन की तैयारियों को मूर्त रूप दिया जाएगा।
इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, असम और राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से प्रांतीय अध्यक्ष, महिला अध्यक्ष, युवा अध्यक्ष, महिला सभा एवं युवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। संयोजक कमलेश शर्मा ने बताया कि यह आयोजन समाज के युवाओं को एक मंच पर लाने और वैवाहिक संबंधों के लिए एक सशक्त अवसर प्रदान करने का उद्देश्य रखता है।