मनासा। नगर में आज श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला, जब सनातन सत्संग मंडल, मनासा के तत्वावधान में 58वां सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा की पावन परंपरा और संत श्री चेतनरामजी महाराज (उदयपुर) की प्रेरणा से आयोजित किया गया।
निरंतर चल रही यह श्रृंखला समाज में भक्ति, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश प्रसारित कर रही है। प्रत्येक माह आयोजित होने वाला यह सामूहिक पाठ न केवल हनुमान भक्तों को एक सूत्र में जोड़ता है, बल्कि नगर में आध्यात्मिक चेतना और धार्मिक वातावरण को भी प्रखर बनाता है।
इस बार के चालीसा पाठ के लाभार्थी मारू परिवार, मनासा एवं माधवम हॉस्पिटल, मनासा रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजन में सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने जय श्री राम और बजरंग बली की जय के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सभी श्रद्धालुओं की मनोकामना बालाजी महाराज पूर्ण करें, यही कामना आयोजन समिति द्वारा की गई।