रतनगढ़। क्षेत्र के कंटिया बालाजी मंदिर मार्ग स्थित गुंजालिया नाले में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। उफान पर आए नाले को पार करने का प्रयास करते समय दो युवक बाइक सहित बह गए, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता से दोनों की जान बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे के आसपास रतनगढ़ क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण नाला उफान पर था। इसी दौरान दो युवक बाइक से नाला पार करने की कोशिश कर रहे थे, तभी वे पानी के तेज बहाव में बह गए।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत रस्सी फेंककर दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, हालांकि उनकी बाइक बह गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक आसपास ही किसी गहरी खाई में फंसी हुई है, जिसकी तलाश की जा रही है। ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।