डीकेन। वनवासी कल्याण परिषद एवं जनजातीय समाज के विभिन्न संगठनों के दायित्वन कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में आगामी 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस तथा वनवासी कल्याण परिषद के संस्थापक बाला साहब देशपांडे के जसपुर में बनने वाले स्मारक के लिए धनराशि एकत्रित करने की योजना बनाई गई।
बैठक में वनवासी कल्याण परिषद के प्रांतीय ग्राम विकास प्रमुख बृजलाल ठाकरे, जिला संगठन मंत्री पुरुषोत्तम शर्मा, जिला अध्यक्ष प्रभुलाल चारण, जिला सचिव राजेश वर्मा, उपाध्यक्ष सालग्राम दायना, पवन भील, बाबूलाल तावड़, हीरालाल, सुरेश, मांगीलाल, दिनेश भील और श्यामलाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 नवंबर से 30 नवंबर तक विभिन्न स्थानों पर जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें जावद, मनासा, नीमच, रामपुरा, रतनगढ़ और सिंगोली विकासखंडों सहित आसपास के भील समाज, जनजातीय समाज एवं सभी हिंदू समाज के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक का आयोजन डीकेन के ब्रह्मपुरी स्थित तेजाजी महाराज मंदिर परिसर में किया गया, जहां सभी उपस्थित जनों ने जनजातीय समाज के उत्थान और गौरव दिवस के सफल आयोजन का संकल्प लिया।