नीमच। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रविवार को नीमच शहर देशभक्ति और एकता के नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर पाटीदार समाज द्वारा एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन और नागरिकों ने भाग लिया तथा भारत के इस महान सपूत को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम की शुरुआत पाटीदार छात्रावास, नीमच से निकली विशाल वाहन रैली से हुई, जिसमें सैकड़ों वाहन शामिल हुए। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सीआरपी चौराहा स्थित सरदार पटेल प्रतिमा स्थल तक पहुंची। पूरे मार्ग में “जय सरदार” और “एकता ज़िंदाबाद” के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
प्रतिमा स्थल पर समाज के पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात समाज के वरिष्ठ सदस्य राजेश पाटीदार ने उपस्थित जनों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर श्याम सुंदर पाटीदार, विश्वास पाटीदार, नीतू पाटीदार सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं युवा मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला पाटीदार समाज संगठन, जिला सरदार पटेल युवा संगठन, जिला पाटीदार महिला संगठन, जिला पाटीदार समाज ट्रस्ट, तथा भादवा माता पाटीदार समाज धार्मिक एवं परमार्थिक ट्रस्ट की विशेष भूमिका रही।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत की एकता का जो स्वरूप गढ़ा, वही आज हमारे राष्ट्र की पहचान है। उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
भारत के पहले गृह मंत्री और उप प्रधानमंत्री के रूप में सरदार पटेल ने राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखी। उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया और वे राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रतीक माने जाते हैं। पूरे शहर में इस अवसर पर एकता, देशभक्ति और समाजसेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला।