भोपाल। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 31 अक्टूबर को पाटीदार समाज एवं कुर्मी क्षत्रिय समाज द्वारा विविध कार्यक्रमों के साथ जयंती उत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे वल्लभ भवन मंत्रालय स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर फूलमाला अर्पित कर एवं पुष्पांजलि देकर किया गया। इस दौरान “सरदार पटेल अमर रहें” के गगनभेदी नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर म.प्र. पाटीदार समाज के संरक्षक महेंद्र पाटीदार ने सरदार पटेल के जीवन, कार्य एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं म.प्र. कुर्मावंशी समाज के प्रदेश अध्यक्ष के.पी. कुरमवंशी, दुलीचंद पटेल, सतनारायण पटेल और नरेश सेन ने भी अपने उद्बोधन में सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात प्रातः 11 बजे रामलीला मैदान, मिसरोद स्थित सरदार पटेल प्रतिमा स्थल पर पाटीदार समाज एवं मिसरोद क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों द्वारा फूलहार चढ़ाकर और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित जनों ने एक स्वर में “सरदार पटेल अमर रहें” के नारे लगाए।
इस अवसर पर महेंद्र पाटीदार, मनोहर जागीरदार (जिला अध्यक्ष), नर्मदा प्रसाद पड़ोसी, मनोज पाटीदार रापड़िया, धर्मेंद्र पाटीदार (प्रदेश कोषाध्यक्ष, सरदार पटेल युवा संगठन), श्यामलाल पाटीदार, विनोद पाटीदार डी, तुलसीराम पाटीदार, संतोष पाटीदार, कुलदीप बेलावत सहित सैकड़ों सरदार पटेल अनुयायी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई तथा उपस्थित जनों को मिष्ठान वितरण कर आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सरदार पटेल की एकता और राष्ट्रवाद की भावना आज भी समाज को जोड़ने का कार्य कर रही है।