चित्तौड़गढ़। देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिला पुलिस चित्तौड़गढ़ द्वारा ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिले के सभी थानों और मुख्यालयों पर एक साथ आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय समरसता को सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों, स्कूली विद्यार्थियों, सामुदायिक पुलिसिंग के सदस्यों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दौड़ सुबह 7 बजे शुरू हुई, जो 1 से 1.5 किलोमीटर की दूरी तक आयोजित की गई और पूरे वातावरण में देशभक्ति का उत्साह व्याप्त रहा।
पुलिस लाइन में पौधारोपण, माल्यार्पण और प्रदर्शनी का आयोजन-
इस अवसर पर पुलिस लाइन में सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की गई। साथ ही पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सरदार पटेल के जीवन और योगदान पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका अवलोकन जिला कलेक्टर, जनप्रतिनिधियों और सामाजिकजनों ने किया। इसी प्रकार जिले के अन्य सभी थानों पर भी ऐसी प्रदर्शनी आयोजित की गई।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्यक्रम नागरिकों में राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति प्रतिबद्धता और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने कहा कि जिले के पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और नागरिक इस दौड़ में शामिल होकर एकता का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन शहर के दुर्ग क्षेत्र में जोरला पोल से पाडन पोल तक और सदर थाना क्षेत्र में प्रताप सर्कल स्थित शहीद स्मारक से इंदिरा गांधी स्टेडियम तक किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई, जिसके बाद दौड़ का शुभारंभ हुआ। समापन स्थल पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह ने बताया कि मुख्यालय सहित जिले के सभी थानों में राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में दौड़, पौधारोपण, माल्यार्पण एवं प्रदर्शनी जैसे विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे सरदार पटेल के आदर्शों और उनके राष्ट्र निर्माण के योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। चित्तौड़गढ़ पुलिस की यह पहल सरदार पटेल की एकता की भावना को सशक्त बनाते हुए समाज में राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश देने में सफल रही।