मनासा। कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम आमद में शुक्रवार को एक 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, कविता बंजारा पति गोपाल बंजारा, निवासी जुना भदान ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विवाह को लगभग तीन वर्ष हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही कुकड़ेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं, मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लगातार मारपीट और प्रताड़ना के कारण कविता की हत्या की गई है। परिजनों का यह भी कहना है कि विवाहिता को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड (पैनल) से कराया जाएगा ताकि मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सके।
पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है, और जल्द ही घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र में इस घटना से शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।