चित्तौड़गढ़। ब्रह्मा कुमारीज़ प्रतापनगर सेवा केंद्र पर शनिवार को आदरणीय कमलेश दीदी के प्रति भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ब्रह्मा कुमारी परिवार के सदस्य एवं अनुयायी उपस्थित रहे।
राजयोगिनी आशा दीदी ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि कमलेश दीदी राजस्थान प्रांत की सेवाओं की एक अभिन्न स्तंभ थीं। वे यज्ञ की आरंभिक सेवाधारक आत्माओं में से थीं ब्रह्मा बाबा, दीदी और दादियों की अति लाड़ली संतान। उन्होंने अपने जीवन से सभी को सहज और सरल पुरुषार्थ का मार्ग दिखाया।
आशा दीदी ने कहा कि दीदी का जीवन देवी गुणों, ईश्वरीय प्रेम और सेवा की प्रतिमूर्ति था। उनसे मिलने मात्र से हृदय में सदा खुशी, प्रेम और अपनत्व का भाव उत्पन्न होता था। उनका त्याग, तपस्या और सेवा भाव संपूर्ण ब्रह्मा कुमारी परिवार के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और यह संकल्प लिया कि कमलेश दीदी के आदर्शों को जीवन में धारण कर, उनकी सेवा भावना को आगे बढ़ाया जाएगा।