कंजार्डा। गांधीसागर डेम से सिंचाई एवं पेयजल आपूर्ति के लिए कंजार्डा पंचायत क्षेत्र में कंपनी द्वारा गांव-गांव नलजल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। लेकिन लापरवाही और अधूरे कार्यों के कारण यह योजना अब ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी ने गलियों की खुदाई कर पाइप लाइन तो डाल दी, लेकिन पिछले एक माह से न तो लाइन की टेस्टिंग की गई और न ही खुदाई का मलबा उठाया गया। इसके चलते गलियां धूल और गंदगी से भर गई हैं। पहले से ही सकरी गलियों में जगह-जगह गड्ढे होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। किसान अपनी उपज घर तक नहीं ला पा रहे हैं, वहीं दुकानदार धूल उड़ने से खांसी और सर्दी जैसी बीमारियों से जूझ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि दशहरे से पहले कंपनी कर्मचारियों ने काम शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। कई लोगों ने तो स्वयं के खर्चे से मलबा हटवाकर गांव के बाहर डलवाया।
ग्राम पंचायत की ओर से भी इस मामले में कोई पहल नहीं की जा रही है। पंचायत सचिव ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि “आप कंपनी से बात करें।” ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अधूरे और लापरवाह तरीके से किए जा रहे इस कार्य की जांच कर, शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई की जाए ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।