चित्तौड़गढ़। पिछले चार-पांच दिनों से हो रही बेमौसम बारिश से जिले के किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसान गंभीर संकट में हैं। इसी को लेकर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष भैरूलाल चौधरी के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर आलोक रंजन को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता हर्षवर्धन सिंह गार्डन ने बताया कि खरीफ फसलों की कटाई का कार्य जारी था, लेकिन लगातार बारिश से काटी गई एवं पकी हुई फसलें पूरी तरह खराब हो चुकी हैं। किसानों की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गई है, बावजूद इसके सरकार की ओर से अभी तक कोई राहत पैकेज घोषित नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि मातृकुंडिया बांध के पानी से प्रभावित किसानों को भी किसी प्रकार की सहायता नहीं मिल पा रही है। वहीं, बांध के पानी का अनधिकृत उपयोग अन्य क्षेत्रों में किए जाने से स्थानीय किसानों की फसलों को भारी नुकसान हो रहा है। कांग्रेस ने फसलों का विशेष सर्वे कराकर नुकसान की भरपाई करने की मांग की।
इस मौके पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष भैरूलाल चौधरी, महेंद्र शर्मा, बद्रीलाल जगपुरा, रणजीत लोठ, हनुमंत सिंह बोहड़ा, प्रेमप्रकाश मूंडड़ा, गोविंद शर्मा, नीतू कंवर भाटी, रमेश नाथ योगी, पीयूष त्रिवेदी, करण सिंह सांखला, प्रमोद तंवर, एहसान पठान, राजेश सोनी, गणेश जाटोलिया, अरुण कंडारा, दिनेश सिसोदिया, विक्रम जाट, लोकेश जाट, कान सिंह भाटी, राकेश गारू सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।